( बुद्धि-विरोधी बाबाओं से सावधान रहना और काम करना सभी जागरूक मनुष्य का कर्त्तव्य है। )

शुक्रवार, 4 फ़रवरी 2011

कर्म-फल और ईश्वर

संसार के सृजन में ब्रह्म को अधिष्ठान बनाकर अविद्यात्मक माया ही क्रियाशील रहती है। समझने की बात यह है कि यह जगत माया के कारण है, अविद्या के कारण है। कोई सांसारिक व्यक्ति इसीलिए सांसारिक है क्योंकि वह अविद्याग्रस्त है। यदि वह शुद्ध ज्ञानात्मक होता तो उसे सांसारिक होने की किसी भी तरह की आवश्यकता ही न होती। किन्तु प्रदत्त स्थितियां ये हैं कि व्यक्ति (जीव) सांसारिक है। सांसारिक होना किसी की स्वेच्छा नहीं, नैसर्गिक अनिवार्यता है। परिभाषा रूप से हम समझ सकते है कि व्यक्ति अपनी ही अज्ञानात्मक का उत्पाद है।
दूसरी ओर, ईश्वर, जिसे तकनीकी रूप से सगुण ब्रह्म समझ सकते हैं, भी उसी अविद्यामूलक माया की ही सृष्टि है। सत्त्वगुण की प्रधानता के कारण वे कर्म-परिणाम की अनंत श्रृंखला से मुक्त होते हैं।
संसार उपासना, भक्ति, पूजा आदि का प्रचलन देखा जाता है। सांसारिक पूजा सांसारिक कामनाओं के लिए की जाती है। इस तरह की पूजा में पूजा करने वाला भगवान से, ईश्वर से यह अपेक्षा रखता है कि वे उसके लिए उस स्थिति को सुलभ करवा दें जो उसके प्रयासों से नहीं हो पा रहा है। इस काम के पूजक कुछ विनती करता है, कुछ सेवा करने का अभिनय करता है और ईश्वर की प्रतिष्ठित मूर्ति, चित्र अथवा अन्य प्रतीक समक्ष कुछ भौतिक पदार्थ भी रखता है। और अकिंचन होने का दंभ भी भरता है ताकि ईश्वर उसकी अभिलाषा पूरी कर दें और वह सांसारिक रूप से अधिक सबल, अधिक सक्षम हो जाये।
किन्तु बंधुओ, ईश्वर या तो नासमझ है अथवा सबकुछ समझने बूझने वाला। क्या पूजा करने वाला यह नहीं सोचता कि यदि ईश्वर सबकुछ देख समझ रहा है तो अगरबत्ती की सुगंधि, चंद फूल और मुट्ठी भर मिठाई आगे रखकर उससे वैसा काम करवा लेंगे जो संभव नहीं है ? यह बिलकुल असंभव है। ईश्वर कोई रिश्वतखोर अफसर नहीं, जो लिफाफा पकड़ कर काम करदे। वह भी नैसर्गिक नियमों से उतना ही बंधा है जितना कि एक व्यक्ति। संसार में किये गए प्रत्येक कर्म अपने निश्चित और अनिवार्य परिणाम उत्पन्न करते ही हैं। कर्म का फल ईश्वर नहीं कर्म स्वयं ही निश्चित करता है। बस, इतना है कि ईश्वर की अध्यक्षता में कोई घोटाला नहीं है। इस बात में कोई शक नहीं कि लोग-बाग ईश्वरीय न्याय से बहुध असंतुष्ट रहते हैं। और इस बात में भी कोई शक नहीं कि ऐसे लोग स्वयं से, आस-पास के लोगों से , सबसे असंतुष्ट रहते हैं। मूलतः धूर्त और चालाक लोग ईश्वर से अपना काम फटाफट निकलवाना चाहते हैं। यह संभव नहीं है। और अंत में, ईश्वर से अकारण दया और कृपा की अपेक्षा करना भी असंगत है। ईश्वर सबका है, सबके लिए है। इसका तात्पर्य यह है कि जो संसार में रमे हुए हैं उनका शरण संसार है और जो संसार से दुखी और पीड़ित है, ईश्वर उसके लिए हैं।

कोई टिप्पणी नहीं: